बसखारी। करीब एक सप्ताह पूर्व थाना अन्तर्गत मकोइया गांव में हुई युवक की हत्या के मामले में नामजद तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में तीनों को जेल भेज दिया गया। 24 अगस्त की देर शाम गांव निवासी अतुल गांव के बाहर स्थित पुलिया पर बैठा था। इसी बीच वहां पहुंचे राकेश, लक्ष्मी व रामविलास ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। उसे बचाने के लिए आए अतुल के दादा रामजी को भी लाठी-डंडे से पीट दिया। गुहार पर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचते तब तक हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। उधर, मारपीट में गंभीर रूप से घायल अतुल बेहोश हो चुका था। उसे सीएचसी बसखारी के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
बाद में रामजी की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। इस बीच रविवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को पुलिस ने हंसवर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष पीएन तिवारी ने बताया कि देर रात वे हमराह सिपाहियों के साथ गश्त पर थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के तीनों आरोपी हंसवर मोड़ के पास मौजूद हैं। इस पर जब वे सभी मौके पर पहुंचे तो पुलिस टीम को देखते ही भागने लगे। इस पर पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर तीनों को पकड़ लिया। बाद में सोमवार सुबह तीनों को जेल भेज दिया गया।