लगभग तीन वर्ष से रैन बसेरे के भवन का निर्माण अब तक पूूरा नहीं हो सका है। इससे यहां आने वाले तीमारदारों को खासी मुश्किल हो रही है। लोगों में विभाग की उदासीनता को लेकर रोष व्याप्त है।
बताते चलें कि कटेहरी सीएचसी में मरीजों के साथ ही तीमारदारों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए विभाग द्वारा लाखों रुपये खर्च कर रैन बसेरे का निर्माण कराया जा रहा है। हालत यह है कि तीन वर्ष से रैन बसेरे का निर्माण जारी है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है।
इससे लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारियों के मुताबिक रैन बसेरे का निर्माण वर्ष भर में ही पूरा होना चाहिए था। न सिर्फ रैन बसेरे का निर्माण धीमा चल रहा है, वरन मनमानी को छुपाने के लिए बोर्ड तक नहीं लगाया गया। इससे आम लोगों को निर्माण की लागत व कार्य समाप्ति की अवधि भी पता नहीं चल पाती।
बाजार निवासी कौशल दुबे का कहना है कि रैन बसेरे का निर्माण जिस ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है, वह सत्ता से जुड़ा है। इसके चलते ही अधिकारी उस पर निर्माण कार्य को लेकर किसी प्रकार का दबाव नहीं बना पा रहे हैैं। क्षेत्र के लोगों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराने की मांग की है।
दिलचस्प तथ्य तो यह है कि सीएचसी प्रभारी पवन कुमार को रैन बसेरे के बारे में किसी प्रकार की जानकारी ही नहीं है। उनसे रैन बसेरे के निर्माण के बारे में पूछा गया तो उन्होंने हाथ खड़े कर दिए। कहा कि रैन बसेरा अब तक अस्पताल को हैंडओवर नहीं हो सका है, इससे उन्हें इसके निर्माण के बारे में कोई जानकारी नहीं है।