अंबेडकरनगर। शौचालय निर्माण के लिए अब घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने पर शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि पात्र के खाते में जाएगी। स्वच्छ भारत मिशन योजना फेज-टू के तहत शासन ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब ब्लॉक द्वारा पात्रों की सूची नहीं बनेगी। ऑनलाइन आवेदन के बाद सीधे पात्रों का सत्यापन होगा।
खुले में शौच रोकने व पर्यावरण संतुलन के लिए केंद्र सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन योजना का संचालन किया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन योजना फेज-वन में पहले ब्लॉकवार पात्रों की सूची तैयार की जाती थी। इसके बाद सत्यापन होता था। इसमें जो पात्र मिलते थे, उनके खाते में निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की राशि भेजी जाती थी। अक्सर ही योजना का लाभ दिलाने में मनमानी बरते जाने की शिकायतें सामने आती थीं। इसके अलावा कई बार अपात्रों को भी योजना का लाभ दिलाने की भी शिकायतें होती थीं।
इसे संज्ञान में लेते हुए बीते दिनों ही शासन ने स्वच्छ भारत मिशन योजना फेज-टू का संचालन किए जाने की घोषणा की। इसमें कहा गया कि अब शौचालय निर्माण के लिए पात्र घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद उनका सत्यापन होगा। पात्र पाए जाने पर उन सभी के खाते में 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भेजी जाएगी।
डीपीआरओ कार्यालय के लिपिक वीरेंद्र वर्मा ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इसके लिए आवेदक को अपने मोबाइल या किसी भी जनसेवा केंद्र से एमबीएमजी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। ऐसे सभी अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारक आवेदन कर सकते हैं जिनके घर में शौचालय नहीं है।
सीधे आवेदन कर पाएं लाभ
स्वच्छ भारत मिशन योजना फेज-टू के तहत शौचालय निर्माण के लिए पात्र अब स्वयं घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद जांच होगी। पात्र पाए जाने पर खाते में 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भेजी जाएगी।
-अवनीश कुमार श्रीवास्तव, डीपीआरओ