अंबेडकरनगर। जिले के विभिन्न स्कूलों में एमडीएम बनाने के लिए रसोइया मजदूरों की चयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यालयों में रसोइया मजदूरों की नियुक्ति छात्र संख्या के आधार पर होगी। रसोइया पद के लिए वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिनके पुत्र या पुत्री विद्यालय में अध्ययनरत होंगे।
यह जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने दी। बताया कि शिक्षा सत्र 2022-23 के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। अभ्यर्थी संबंधित विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पास 16 मई तक अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्रधानाध्यापकों को सूचना पट पर रसोइयों की संख्या को अंकित करना होगा।
इसके बाद 18 मई तक चयन कर चयनित सूची खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को प्रेषित करनी होगी। रसोइया मजदूरों के चयन की प्रक्रिया को लेकर किसी तरह की आपत्ति एक माह के अंदर दर्ज करानी होगी।