अंबेडकरनगर। एक तरफ जिले में कोरोना संक्रमण दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है तो दूसरी तरफ कोरोना की जांच को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग कितना गंभीर है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिला अस्पताल में लगभग एक पखवाड़े से एंटीजन किट समाप्त है, लेकिन उसे उपलब्ध कराने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। एंटीजन जांच ठप होने से लोग अस्पताल से मायूस होकर लौट रहे हैं। इतना ही नहीं, दूसरे राज्यों से ट्रेन से आने वाले यात्रियों की भी एंटीजन जांच अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर नहीं हो रही है। मात्र थर्मल स्क्रीनिंग से ही काम चलाया जा रहा है।
जिले में कोरोना की जांच को लेकर पूरी तरह लापरवाही बरती जा रही है। पूर्व की तुलना में मौजूदा समय में जांच का कार्य अत्यंत धीमा हो गया है। एंटीजन जांच तो लगभग 15 दिन से जिले में ठप पड़ी है। मात्र आरटीपीसीआर जांच से ही काम चलाया जा रहा है। हालांकि इस जांच को लेकर भी लापरवाही है। अत्यंत गंभीर मरीजों की ही आरटीपीसीआर जांच की जा रही है। जिला अस्पताल में लगभग एक पखवाड़े से एंटीजन किट समाप्त हो जाने के चलते एंटीजन जांच का कार्य ठप पड़ा है, तो आरटीपीसीआर जांच भी सीमित कर दी गई है।
नतीजा यह है कि अब जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंचने वाले नागरिकों की संख्या भी कम हो गई है। और तो और दूसरे राज्यों से ट्रेन से अकबरपुर आने वाले यात्रियों की अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर एंटीजन जांच नहीं हो रही है। मात्र थर्मल स्क्रीनिंग से ही काम चलाया जा रहा है। कोरोना को लेकर बरती जा रही लापरवाही से आम नागरिकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इस प्रकार की लापरवाही से कोरोना पर अंकुश नहीं लगाया जा सकता है। उधर, सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि जिला अस्पताल में एंटीजन किट समाप्त होने के चलते आरटीपीसीआर जांच ही की जा रही है। एंटीजन किट के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।