फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच दिन से जिला अस्पताल में नहीं एंटी स्नेक वेनम

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। यदि सांप ने डस लिया है, तो जिला अस्पताल सोच समझकर जाएं। बीते पांच दिनों से जिला अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम समाप्त है। सर्पदंश के शिकार पीड़ित जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। ज्यादातर को तो जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया जा रहा है। प्रतिदिन औसतन 15 पीड़ितों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में रविवार को भी एंटी स्नेक वेनम न होने से सर्पदंश के शिकार एक किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में व्याप्त इस अव्यवस्था से मरीजों व उनके तीमारदारों में नाराजगी है। उनका कहना है कि जिम्मेदारों को मरीजों के हित की कोई सुध नहीं है।
विज्ञापन

जिला अस्पताल में बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर जाने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को तगड़ा झटका लग रहा है। मरीजों के हित को लेकर जिम्मेदारों की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। कभी स्ट्रेचर न मिलने पर तीमारदार खुद ही मरीज को इलाज के लिए भवन के अंदर ले जाने को मजबूर होते हैं, तो कभी समुचित दवाएं उन्हें अस्पताल से नहीं मिलती हैं। सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी है, तो कोरोना संकट के बावजूद सैनिटाइजेशन की समुचित व्यवस्था नहीं है। चिकित्सकों का विलंब से अस्पताल जाना और समय से पहले कुर्सी छोड़ देना उनकी आदत सी बन गई है। कभी सीटी स्कैन, तो कभी डिजिटल एक्स-रे का कार्य प्रभावित होता है, तो कभी-कभी एंटी रैबीज इंजेक्शन की कमी हो जाती है। इन सब अव्यवस्थाओं के बीच मौजूदा समय में जिला अस्पताल से एंटी स्नेक वेनम समाप्त है। बीते पांच दिन से अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम नहीं है, लेकिन इसकी उपलब्धता को लेकर कोई ठोस कदम जिम्मेदारों द्वारा नहीं उठाया जा रहा है। आलम यह है कि सर्पदंश के शिकार जिला अस्पताल पहुंचने वालों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अयोध्या रेफर किया जा रहा है। इससे मरीजों व उनके परिवारीजनों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को भी सर्पदंश के शिकार 6 पीड़ित जिला अस्पताल पहुंचे। इनमें से चार को जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया।
इंसेट
सर्पदंश के शिकार बालक को किया रेफर
बेवाना थाना क्षेत्र के अटंगी गांव निवासी विजय का पुत्र आयुष (11) रविवार को सुबह घाट पर नहाने गया हुआ था। मंदिर के निकट उसे सांप ने डस लिया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महज इसलिए उसे जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया, क्योंकि जिला अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम नहीं था। मजबूरन परिवारीजनों को उसे लेकर जिला अस्पताल अयोध्या लेकर जाना पड़ा। इसके अलावा भी कुछ अन्य को जिला अस्पताल अयोध्या रेफर किया गया।
विज्ञापन

तीमारदारों ने जताई नाराजगी
बेवाना से आए तीमारदार राजेंद्र कुमार व शहजादपुर के जगदीश ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिला अस्पताल में इस प्रकार की अव्यवस्था से मरीजों व तीमारदारों को विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों का समुचित इलाज सुनिश्चित हो सके, इसके लिए जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोरपुर के शाहिद व पहितीपुर के रामनरेश ने कहा कि बीते पांच दिन से जिला अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम नहीं है, लेकिन इसकी उपलब्धता को लेकर कोई ठोस कदम जिम्मेदारों द्वारा नहीं उठाया जा रहा है।
विज्ञापन

उच्चाधिकारियों को भेजा गया पत्र
एंटी स्नेक वेनम बीते पांच दिन से समाप्त है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को पत्र के माध्यम से दे दी गई है। शीघ्र ही उपलब्ध होने की संभावना है।
डॉ. ओमप्रकाश, सीएमएस
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें