फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नहीं लगा एंटी रैबीज इंजेक्शन, निराश होकर लौटे मरीज

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में मंगलवार को भी एंटी रैबीज इंजेक्शन उपलब्ध न होने से मरीजों को निराशा ही हाथ लगी। इससे एक बार फिर मरीजों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। एंटी रैबीज इंजेक्शन की उपलब्धता न होने पर मरीजों व तीमारदारों ने नाराजगी भी जताई है। कहा कि स्वास्थ्य विभाग मरीजों के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहा है। तीन दिन से अस्पताल में इंजेक्शन का टोटा है। इसके बावजूद इसकी उपलब्धता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
विज्ञापन

बताते चलें कि जिला अस्पताल में बीते शनिवार से ही एंटी रैबीज इंजेक्शन समाप्त हो गया है। रविवार तक इंजेक्शन की उपलब्धता करा लिए जाने का दावा किया गया था। हालांकि सोमवार तक भी इंजेक्शन अस्पताल में उपलब्ध नहीं हो सका। इससे अस्पताल पहुंचे मरीजों व तीमारदारों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा था। मंगलवार को मरीज एक बार फिर उम्मीद लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वे सभी जब जिला अस्पताल स्थित ओपीडी पहुंचे तो उन्हें वहीं रटा रटाया जवाब दिया गया कि इंजेक्शन नहीं है, दूसरे दिन आना। मरीजों को उम्मीद थी कि मंगलवार को इंजेक्शन उपलब्ध हो जाएगा। हालांकि मंगलवार को भी मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
अस्पताल में मिली मंशापुर निवासिनी शंकुतला देवी ने बताया कि वे दो दिन से लंबी दूरी तय कर जिला अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने के लिए आ रही हैं, लेकिन अब तक इंजेक्शन नहीं लग सका। आज भी उन्हें लौटना पड़ा है। अहलादे निवासी राजकुमार ने जिला अस्पताल प्रबंधन पर कड़ी नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि वे भी दो दिन से इंजेक्शन लगवाने के चक्कर में जिला अस्पताल का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन यहां तो इंजेक्शन का टोटा पड़ा हुआ है। इंजेक्शन लगवाने की एक अवधि होती है, जो पूरा होने वाली है। उन्हें मजबूरन अब निजी चिकित्सालय में महंगे दाम पर इंजेक्शन लगवाना होगा।
विज्ञापन

सरकार व अस्पताल प्रबंधन को मरीजों की कोई फिक्र नहीं है। सिर्फ मनमानीपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। सिझौलिया निवासी प्रह़्लाद ने बताया कि उन्हें कुत्ते ने काट लिया। वे सोमवार से एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए जिला अस्पताल का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन इंजेक्शन उपलब्ध न होने से उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पकड़ी भोजपुर निवासिनी सोनी व कल्याणपुर निवासिनी प्रतिमा ने बताया कि वे सभी जिला अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए आई थीं, लेकिन यहां पहुंचने पर पता चला कि इंजेक्शन उपलब्ध नहीं है। इसी तरह से कई अन्य मरीजों ने भी अपना दर्द बयां किया।
विज्ञापन

इंजेक्शन की उपलब्धता 48 घंटे के भीतर हो जाने की उम्मीद है। मरीजों को समय रहते इंजेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है।
डॉ एसपी गौतम, सीएमएस
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें