भीटी (अंबेडकरनगर)। अभ्युदय डिफेंस एकेडमी रैमलपुर भीटी में युवा कल्याण एवं प्रदेशिक विकास दल विभाग के तत्वाधान में शुक्रवार को ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता हुई। सीनियर बालक वर्ग 100 मीटर दौड़ में बसोहरी एकेडमी के अंकित राजभर प्रथम रहे। द्वितीय स्थान एकेडमी के गौरव सिंह ने हांसिल किया।
सीनियर बालिका वर्ग 100 मीटर दौड़ में महमदपुर की पायल पाठक ने बाजी मारी। तकिया कालू गांव की संजना दूसरे पायदान पर रहीं। 800 मीटर बालिका वर्ग दौड़ में केवटाही की अदिति सिंह प्रथम जबकि रूदऊपुर की शक्ति दूसरे नंबर पर रहीं। जूनियर बालक वर्ग 100 मीटर दौड़ में काही गांव के अंकित कुमार ने बाजी मारी। द्वितीय स्थान पर दिलावलपुर के शुभम निषाद रहे। 800 मीटर जूनियर बालिका वर्ग दौड़ में मटहेनियां गांव की कुमकुम ने पहले पायदान पर रहीं। इसी गांव की रिया ने दूसरा स्थान हासिल किया।
जूनियर वर्ग बालक वर्ग कबड्डी मैच भीटी और बसोहरी के बीच खेला गया। इसमें भीटी की टीम विजयी रही। कबड्डी सीनियर बालक वर्ग में भीटी की टीम विजेता हुई। दूसरे नंबर पर अभ्युदय डिफेंस एकेडमी रही। कबड्डी सीनियर बालक गर्व में भी भीटी के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। अभ्युदय डिफेंस एकेडमी द्वितीय पायदान पर रही। इससे पूर्व मुख्य अतिथि अभ्युदय डिफेंस एकेडमी के निदेशक सेवानिवृत्त कर्नल आईएस पाठक तथा संस्थापक लेफ्टिनेंट डॉ.हरीश सिंह ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कटेहरी ज्योति मौर्य ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान जितेंद्र मौर्य, दीनानाथ तिवारी, रामतीरथ, महेंद्र कुमार, सूर्यनाथ, बसंत कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण व युवा मौजूद रहे।