अंबेडकरनगर। बेवाना के बनकटा सिसवां गांव में एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप है। कई बार शिकायतों के बाद भी सुनवाई न होने पर ग्रामीण शुक्रवार को आक्रोशित हो उठे और अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया। ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक हंगामा काटा। बाद में अधीक्षण अभियंता ने रविवार तक आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया, इसके बाद मामला शांत हुआ।
शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे बनकटा सिसवां गांव से दो दर्जन से अधिक महिलाएं व पुरुष ई रिक्शों से अधीक्षण अभियंता व अधिशासी अभियंता कार्यालय अकबरपुर का घेराव करने पहुंच गए। ग्राम प्रधान चुन्नीलाल गुप्ता, ब्रजेश कुमार ने बताया कि बनकटा सिसवां गांव में एक सप्ताह पहले आंधी आने के बाद सात पोल टूट गए थे। उसके बाद से अब तक 60 घरों की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। दो दिन पहले बिजली कर्मियों ने यहां खंभे तो खड़े करवा दिए लेकिन तार अब तक नहीं खींचे जा सके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न होने से गांव में चोरियां बढ़ गई हैं। बताया कि रात में चोर घरों के सामने सोते समय पायल आदि पैरों से निकाल ले जा रहे हैं। एक सप्ताह बीतने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई है। हर बार अधिकारी आश्वासन देकर मामले को टाल देते हैं। पांच दिन पहले गांव की महिलाएं इसी समस्या को लेकर बेवाना बिजली घर गई थीं। इसके बाद भी इस समस्या का अभी तक कोई हल नहीं निकल सका है। कैलाश निषाद, जयंती प्रसाद, गीता देवी, रीता, बेइला, नीलम ने बिजली आपूर्ति शुरू कराने व जर्जर तार और ट्रांसफार्मरों को बदलवाने की मांग की। इसके बाद अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव ने प्रधान व अन्य ग्रामीणों से वार्ता कर रविवार तक आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया।
ग्रामीण नहीं लगने दे रहे ट्रांसफार्मर : एक्सईएन
इस पूरे प्रकरण पर विभाग का अलग ही दावा है। एक्सईएन अकबरपुर प्रेमचंद ने बताया कि गांव में 35 में से 18 कनेक्शनधारक बकायेदार हैं। दो दिन पहले बिजली विभाग की टीम ट्रांसफार्मर लगाने गई थी, लेकिन ग्रामीणों ने मना कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि केबल व ट्रांसफार्मर बदले जाएं। इस पर पुलिस बुलानी पड़ी थी। टूटे खंभे बदलवा दिए गए हैं।
जल्द बहाल की जाएगी आपूर्ति
बिजली आपूर्ति कुछ हिस्से में आ रही है। शेष पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। जल्द ही आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
- रजनीश श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता