डॉ. एके पब्लिक स्कूल तमसा मार्ग में इंटरमीडिएट का परिणाम ओने के बाद खुशी का इजहार करते छात्र-छ
अंबेडकरनगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद का इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सभी विद्यार्थी परीक्षा में सफल हुए हैं। इस वर्ष 25 विद्यालयों के इंटरमीडिएट के कुल 3200 विद्यार्थी पंजीकृत थे। परिणाम घोषित हुए तो शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल-कॉलेजों में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यार्थियाें और अभिभावकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
रेडिएंट अकादमी जलालपुर का परिणाम सबसे बेहतर रहा। कस्बे के उस्मापुर निवासी एजाज अख्तर की पुत्री अनाबिया फातिमा और रामनगर आलापुर निवासी शशिकांत वर्मा के पुत्र आयुष वर्मा ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया। तक्षशिला अकादमी की छात्रा जलालपुर कस्बे के यादव चौराहा निवासी राजेश जायसवाल की पुत्री तेजस्वी जायसवाल और एके पब्लिक स्कूल तमसा मार्ग अकबरपुर की छात्रा अपराजिता यादव ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया है।
रेडिएंट सेंट्रल चिल्ड्रेन अकादमी की छात्रा पांडेयपुर कॉलोनी निवासी उमेश कुमार की पुत्री निवेदिता चौधरी ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा प्रिया गुप्ता ने 96.6 प्रतिशत अंक हासिल किए। तक्षशिला एकेडमी लोरपुर ताजन अकबरपुर की दीपाली यादव व उन्नति पांडेय ने 96 प्रतिशत अंक हासिल किए। एसडी मदर इंटरनेशनल स्कूल अन्नापुर रामनगर के छात्र ओम पांडेय ने भी 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
इंटरमीडिएट के ज्यादातर बच्चों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालयों के साथ परिवार का नाम रोशन किया। हाईस्कूल की तरह इंटरमीडिएट का भी परिणाम एकाएक आने से छात्र चौंक गए थे। रिजल्ट को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह नजर आया। इस वर्ष इंटरमीडिएट में कुल करीब 3200 विद्यार्थी पंजीकृत हुए थे, सभी ने परीक्षा भी दी थी। उत्तीर्ण बच्चों को स्कूल में मिठाई व माला पहनाकर बधाई दी गई।