अंबेडकरनगर। पशुओं के बेहतर इलाज के लिए अब पशुपालकों को अलग-अलग चिकित्सकीय केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला मुख्यालय स्थित जिला पशु अस्पताल को पॉलीक्लीनिक के रूप में विकसित करने की तैयारी है। यहां पशुओं की विभिन्न बीमारियों की जांच से लेकर उपचार तक की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इसके लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) की ओर से प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय को भेज दिया गया है।
अकबरपुर स्थित जिला पशु अस्पताल में ही पॉलीक्लीनिक का संचालन किया जाएगा। इसके लिए अलग से भवन निर्माण की जरूरत नहीं होगी। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद मौजूदा अस्पताल में चिकित्सकीय सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही जांच और उपचार के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे गंभीर रूप से बीमार पशुओं को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
पॉलीक्लीनिक में तीन चिकित्सकों की तैनाती की योजना है। इसमें फिजीशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ और एक अन्य चिकित्सक शामिल होंगे। इसके अलावा पशुओं की विभिन्न बीमारियों की पहचान के लिए प्रयोगशाला भी बनाई जाएगी। यहां पशुओं के गोबर समेत अन्य नमूनों की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे बीमारी की सही पहचान कर समय पर उपचार किया जा सकेगा।
जिले में बड़ी संख्या में परिवार खेती-किसानी के साथ पशुपालन पर भी निर्भर हैं। ऐसे में दुधारू पशुओं के बीमार होने से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कई बार सामान्य उपचार से राहत नहीं मिलने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। पॉलीक्लीनिक शुरू होने से उन्हें इस समस्या से राहत मिलेगी।