फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: 30 पर डीएपी का स्टॉक खत्म, भटक रहे किसान

विज्ञापन
अकबरपुर क्रय-विक्रय केंद्र से खाद ले जाते किसान। संवाद
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। गेहूं, सरसों और आलू की बोआई का सीजन जोर पकड़ने के साथ ही खाद की मांग बढ़ गई है। खेतों में बोआई का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन इस बीच किसानों को खाद की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। खाद की जरूरत को देखते हुए किसान सुबह से ही सहकारी समितियों पर पहुंच रहे हैं। कहीं पर्याप्त खाद मिलने से किसानों को राहत मिल रही है तो कहीं डीएपी का स्टॉक खत्म होने से उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
विज्ञापन

जिले में 100 सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को खाद उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें करीब 30 समितियों पर डीएपी उपलब्ध नहीं है। खाद लेने के लिए समितियों पर किसानों की भीड़ उमड़ रही है। किसानों का कहना है कि बोआई के समय खाद नहीं मिलने से खेती का काम प्रभावित हो सकता है। ऐसे में उन्हें खाद के लिए एक समिति से दूसरी समिति तक चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
समिति पर तीन दिन बैठते हैं सचिव
बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति बीजेगांव में शनिवार सुबह 10:30 बजे किसानों को खाद का वितरण किया जा रहा था। यहां बरवा नासिरपुर निवासी किसान दयाशंकर वर्मा यूरिया और एनपीके लेकर जाते मिले। उन्होंने बताया कि समिति पर 266.50 रुपये में यूरिया और 1,350 रुपये में एनपीके मिल रही है। सचिव अशोक वर्मा ने बताया कि बीजेगांव समिति के साथ ही उनके पास रामपुर सकरवारी समिति का भी अतिरिक्त प्रभार है। इसके चलते वह सप्ताह में तीन दिन ही यहां बैठते हैं। समिति पर 140 बोरी एनपीके, 60 बोरी डीएपी और पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध मिली।
विज्ञापन

डीएपी नहीं मिलने से मायूस लौटे किसान
बहुउद्देशीय सहकारी समिति कटेहरी पर शनिवार दोपहर 12 बजे किसान खाद लेने पहुंचे थे। यहां एनपीके और यूरिया का वितरण किया जा रहा था, लेकिन डीएपी उपलब्ध नहीं थी। जीतपुर निवासी किसान रजनीश ने बताया कि वह डीएपी लेने आए थे, लेकिन सचिव ने खाद उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी। सचिव के अनुसार डीएपी की मांग भेजने के साथ ही भुगतान भी कर दिया गया है। एक-दो दिनों में खाद आने की संभावना है। डीएपी नहीं मिलने से कई किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
खाद मिलने से किसानों को राहत
सहकारी क्रय-विक्रय समिति अकबरपुर में शनिवार दोपहर एक बजे किसान खाद लेकर जाते नजर आए। सैदापुर निवासी किसान आकाश एक बोरी यूरिया और एनपीके लेकर जा रहे थे। समिति में मौजूद कर्मचारी ने बताया कि यहां 194 बोरी एनपीके, 130 बोरी डीएपी और 154 बोरी यूरिया का स्टॉक उपलब्ध है। किसान दयाराम और राकेश कुमार ने बताया कि समिति पर खाद का वितरण किया जा रहा है। फिलहाल खाद लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
आज आएगी 800 मीट्रिक टन डीएपी
जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। इस समय डीएपी की खपत अधिक है। करीब 30 समितियों पर डीएपी उपलब्ध नहीं है। रविवार को 800 मीट्रिक टन डीएपी की खेप जिले में पहुंच जाएगी। जहां खाद की उपलब्धता नहीं है, वहां प्राथमिकता के आधार पर डीएपी भेजी जाएगी। - राघवेंद्र शुक्ला, एआर कोऑपरेटिव
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें