मतदान के लिए पहुंचीं मतदाता
- फोटो : अमर उजाला
प्रेक्षक वीपी गौथम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्थापित चुनाव कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न बूथों पर वेब कास्टिंग के माध्यम से निगरानी के निर्देश दिए। कार्मिकों को बूथों की हर गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों बात कर तत्काल निस्तारण कराना सुनिश्चित कराएं। हिदायत दी कि बूथों पर लगे कैमरे का एंगल इस तरह से हो कि जिससे मतदान की गोपनीयता भंग न होने पाए। इसका पूरा ध्यान रखेंं। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सदानंद गुप्त मौजूद रहे।
219 बूथों पर चुनाव आयोग वेबकास्टिंग से ऑनलाइन रखेगा नजर
कटेहरी विधानसभा उपचुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 219 बूथों पर वेबकास्टिंग तो 185 पर वीडियोग्राफी होगी। यहां पर होने वाली हर गतिविधि पर चुनाव आयोग की नजर होगी। कलेक्ट्रेट में बने कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी। इसे लेकर नामित एजेंसी ने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए हैं। 185 बूथों पर वीडियोग्राफी के लिए शिक्षामित्र व अनुदेशक को बीते दिनों ही प्रशिक्षण देकर चुनाव के दौरान प्रमुख विंदुओं की वीडियो बनाने की जानकारी दी गई है। इन सभी कर्मचारी को पोलिंग पार्टी रवाना होते समय कैमरा उपलब्ध कराया गया है।
हवाईपट्टी से निकलकर बूथों पर संभाला जिम्मा
कटेहरी के 425 बूथों पर मंगलवार शाम कर्मचारियों ने मतदान का जिम्मा संभाल लिया। इससे पहले सुबह हवाईपट्टी परिसर से भारी गहमागहमी के बीच पोलिंग पार्टियों के रवाना होने का सिलसिला शुरू हुआ। कर्मचारियों में उनकी ड्यूटी को लेकर उल्लास दिखा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अकबरपुर हवाईपट्टी पर मंगलवार सुबह से ही मतदानकर्मी जुटने लगे। उनके पास ड्यूटी कार्ड भी था। महिला मतदान कर्मियों के साथ उनके परिजन भी पहुंचे थे।
ड्यूटी को लेकर कोई असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन ने अलग-अलग काउंटर बना रखे थे। एक कंट्रोल रूम भी स्थापित था। विशेष मंच से वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए थे। सुबह 10 बजे के बाद से पोलिंग पार्टियों को रवाना करने का अभियान शुरू हुआ। हवाईपट्टी से निकलकर कर्मचारियों ने देर शाम तक अपने अपने बूथों पर मोर्चा संभाल लिया। मतदान से एक दिन पहले ही बैरीकेडिंग व अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर लीं।
पहली बार कटेहरी में होने जा रहे उपचुनाव में किसी प्रकार का गतिरोध न होने पाए, इसके लिए तगड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरी विधानसभा क्षेत्र को 65 सेक्टर में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेट व सेक्टर पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है। प्रत्येक सेक्टर में छह से सात बूथ रखे गए हैं। ऐसा इसलिए जिससे कि कहीं भी कोई दिक्कत होने पर पांच मिनट के भीतर सेेक्टर मजिस्ट्रेट पहुंच सकें। इसके अलावा 20 जोनल मजिस्ट्रेट व 20 जोनल पुलिस अधिकारी की भी तैनाती की गई है। यह अधिकारी अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने के साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेटों व सेक्टर पुलिस अधिकारियों के संपर्क में रहेंगे।
मतदान शांतिपूर्ण व सुचारु ढंग से कराने के लिए सामान्य प्रेक्षक वीपी गौथम, डीएम अविनाश सिंह, एसपी डॉ. कौस्तुभ, सीडीओ आनंद कुमार शुक्ल, एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त, एएसपी पश्चिमी विशाल पांडेय व पूर्वी श्यामदेव भी लगातार भ्रमण पर रहेंगे। उधर मतदान के दौरान बूथों से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। लगभग तीन हजार पुलिसकर्मी गैरजनपद से यहां पहुंचे हैं तो वहीं करीब दो हजार पुलिसकर्मी जिले से ड्यूटी पर लगाए जा रहे। तीन कंपनी पीएसी व दस कंपनी पैरामिलेट्री फोर्स की सेवाएं ली जा रही हैं। पुलिस ने शांति व्यवस्था के लिए ड्रोन के इस्तेमाल का भी निर्णय लिया है। किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति से निपटने के लिए लगातार ड्रोन सक्रिय रहेंगे।