केदारनगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला आजादनगर में किराए के कमरे में रह रहे पुजारी का शव सोमवार देररात संदिग्ध परिस्थितियों में नग्न अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। कई बार आवाज लगाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो मकान मालिक ने इसकी सूचना इब्राहिमपुर पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि पुजारी का शव नग्न अवस्था में पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि इस कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में दो मौत पहले भी हो चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार, इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के इल्तिफातगंज नगर पंचायत के आजादनगर मोहल्ले में महावीर जायसवाल का मकान है। उनके मकान के एक कमरे में करीब एक वर्ष से से 37 वर्षीय पुजारी श्याम कुमार पुत्र स्व कौशल निवासी तिजरा, थाना अलीगंज रहते थे। मकान मालिक महावीर के मुताबिक सोमवार अपराह्न करीब 2 बजे उन्होंने पुजारी को कमरे में जाते हुए देखा। पुजारी ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
शाम करीब 7 बजे उसने पुजारी को दूध देने के लिए दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नही आयी। कई बार आवाज लगायी, इसके बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना इब्राहिमपुर पुलिस को दी। देररात इब्राहिमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद दरवाजे को तोड़ा गया। दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई तो वहां का नजारा देखकर हर किसी के पैरों तले जमीन खिसक गई। पुजारी श्याम कुमार का शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला।
इसके बाद पुलिस टीम ने शव को कब्जे में ले लिया, और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ इब्राहिमपुर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना के कारणों का अभी सही पता नहीं चल पा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा। उधर स्थानीय लोगों में चर्चा है कि संबंधित कमरे में पुजारी से पहले भी दो लोगों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो चुकी है।