अंबेडकरनगर के भीटी क्षेत्र के टेमा गांव में निर्माणाधीन मकान की छत पर काम कर रहे एक राजमिस्त्री की गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार गोविंदपुर कुंडवा निवासी 50 वर्षीय राम आशीष बुधवार को टेमा गांव में भवन निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब चार बजे छत पर काम करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। हादसे में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
परिजन उन्हें उपचार के लिए अकबरपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। शुक्रवार सुबह उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीटी ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
राम आशीष की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। भीटी प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।