अंबेडकरनगर। देश की आजादी का जश्न शनिवार को जिले में उल्लास के साथ मना। सरकारी कार्यालयों से लेकर गैर सरकारी कार्यालयों, कालेजों व विद्यालयों में शान से तिरंगा लहराया। देश की आजादी के 74 वीं वर्षगांठ के मौके पर कोरोना महामारी के चलते इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन नही हुआ।
कलेक्ट्रेट में डीएम तो पुलिस लाइन में एसपी ने ध्वजारोहण किया। साथ ही पर्यावरण बेहतरी के लिए पौधरोपण भी किया। कॉलेजों व विद्यालयों में भी ध्वजारोहण व मिष्ठान के साथ ही स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों का समापन कर दिया गया। इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं आयोजित किए गए।
कोरोना महामारी के चलते भले ही भीड़ इकठ्ठा न हुई तो लेकिन स्वतंत्रता दिवस का उल्लास हर किसी के चेहरे पर झलक रहा था। सुबह से ही देशभक्ति के गीत बजने लगे। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने कलेक्ट्रेट में ध्वारोहण के साथ ही तिरंगे झंडे को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने मातहतों के साथ परिसर में पौधरोपण अभियान चला। इस मौके पर एडीएम डॉ पंकज कुमार वर्मा भी मौजूद रहे।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। बाद में एएसपी अवनीश कुमार के साथ पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण किया। सिपाहियों को भी पौधरोपण करने व उनकी सुरक्षा करने की सलाह दी। विकास भवन में डीडीओ वीरेन्द्र सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान विकास भवन में स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जनपद न्यायालय में जनपद न्यायाधीश अमरजीत त्रिपाठी ने तिरंगा फहराया। कृषि विभाग कार्यालय पर डीडी आरडी बागला, लोक निर्माण विभाग कार्यालय पर प्रांतीय खंड अधिशाषी अभियंता शंकर्षणलाल, विद्युत विभाग कार्यालय पर अधिशाषी अभियंता वीके पटेल, अकबरपुर नगर पालिका में अध्यक्ष सरिता गुप्ता ने तिरंगा लहराया।
रामसमुझ सूरसती महाविद्यालय में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रबंधक लक्ष्मीचन्द्र खरवार ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर अनुशासक डॉ राहुल मिश्र, वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ सुनीता सिंह, डॉ बालमुकुंद मिश्र, सचिन श्रीवास्वत, प्रदीप श्रीवास्तव, गिरिजाशंकर दुबे व अवधेश कुमार आदि मौजूद रहे। तक्षशिला एकेडमी व तक्षशिला रूट्स में सांसद रितेश पाण्डेय ने ध्वजारोहण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।