टांडा। यूनियन बैंक शाखा टांडा के अंदर से जेब कतरे ने रुपया जमा करने आये खातेदार की जेब से 37 हजार रुपये उड़ा दिये। इसकी फुटेज बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गयी। घटना बुधवार दिन में लगभग डेढ़ बजे की है।
खातेदार मोहम्मद अजहर निवासी मोहल्ला सकरावल, नैपुरा कोतवाली टांडा दोपहर बाद थाना अलीगंज क्षेत्र में स्थित यूनियन बैंक शाखा में पैसा जमा करने गया था। वह खाते में जमा करने के लिए 56 हजार रुपये लेकर आया था।
शाखा के अंदर लाइन में खड़ा होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। इसी बीच किसी अज्ञात जेब कतरे ने उसके कुर्ते की जेब से रुपयों की गड्डी पार कर दी। जिसमें 500 के कुल 74 नोट थे। इससे उसे 37 हजार रुपये की चपत लग गई। 19 हजार रुपए वह दूसरी जेब में रखा था, हालांकि वह बच गई।
एसओ अलीगंज ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। सीसीटीवी कैमरे के जरिए छानबीन की जा रही है।