अंबेडकरनगर। जिले की बालिकाएं न केवल पढ़ाई बल्कि खेलों में भी आगे बढ़ रही हैं। अब तक यहां की बेटियों ने अलग-अलग खेलों में अपनी पहचान बनाई है। मौजूदा समय में ताइक्वांडो से लेकर क्रिकेट, बॉक्सिंग, कबड्डी, बास्केटबॉल, हॉकी व एथलेटिक्स में जिले की बेटियां कमाल कर रहीं हैं। कई खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। ताइक्वांडो में तनीषा वर्मा व हॉकी में सुषमा गुप्ता ने अपने-अपने खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर अपना मुकाम बनाया है।
हॉकी में लहराया परचम
अकबरपुर की रहने वाली सुषमा गुप्ता शहर के एक स्कूल की छात्रा हैं। इसके अलावा वह हॉकी की भी अच्छी खिलाड़ी हैं। पढ़ाई के साथ ही यह अपने खेल पर भी ध्यान देती हैं। जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक व यूपी से बाहर होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेती हैं। अपनी मेहनत के दम पर ही इनका चयन पिछले साल राज्य स्तरीय हॉकी टीम में हुआ था। सुषमा ने बताया कि जो भी काम ईमानदारी और निष्ठा से किया जाता है, उसमें सफलता जरूर मिलती है।
कुश्ती में बनाई पहचान
अकबरपुर के सदरपुर की रहने वाली महिमा कक्षा सात की छात्रा हैं। यह पहले एथलेटिक्स खिलाड़ी थीं। इसके बाद कुश्ती में रुचि बढ़ गई और अब वह इस खेल की अच्छी खिलाड़ी मानी जाती हैं। वह दो वर्ष से लगातार राजकीय स्टेडियम में तैयारी कर रही हैं। इन्होंने प्रदेश स्तर की कई प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया है। कई मेडल इनके नाम हैं।
पढ़ाई के साथ खेल में भी आगे बढ़ रहीं तनीषा
कक्षा आठ की छात्रा तनीषा वर्मा ने कम उम्र में ही पढ़ाई और खेल दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। तनीषा एक नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट हैं और नियमित खेल अभ्यास के माध्यम से खुद को शारीरिक रूप से फिट रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाए रखती हैं। तनीषा का सपना यूपीएससी की तैयारी कर देश की सेवा करना है। इनका मानना है कि पढ़ाई के साथ खेल व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास और एकाग्रता बढ़ती है, जो पढ़ाई में भी मददगार साबित होती है।