जलालपुर (अंबेडकरनगर)। नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी कर धांधली किए जाने के आरोप लगे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। एसडीएम राहुल गुप्ता ने तहसीलदार गरिमा भार्गव के नेतृत्व में एक संयुक्त जांच टीम का गठन किया है, जिसे शीघ्र ही अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
भाजपा नेता देवेश कुमार मिश्रा ने शनिवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि नगर पालिका के कई वार्डों में विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से सार्वजनिक नोटिस जारी कर रबर मोल्ड ईंटों और उनकी मार्कशीट के उपयोग के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्यों में इन ईंटों का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। भाजपा नेता के अनुसार, जब इस संबंध में ठेकेदारों से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि और अधिशासी अधिकारी द्वारा केवल एक निजी भट्ठे से ईंट खरीदने के निर्देश दिए गए हैं तथा अन्य स्थानों से सामग्री लेने की अनुमति नहीं है। वहीं, अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने ऐसे किसी भी निर्देश से साफ इनकार करते हुए सभी आरोपों को निराधार बताया है। एसडीएम राहुल गुप्ता ने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित की गई है। टीम मौके पर जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रयुक्त सामग्री और कार्य प्रक्रिया की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।