अंबेडकरनगर। नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा ने कहा है कि मेरे समेत सभी 41 जिला पंचायत सदस्य विकास के वाहक बनेंगे। सभी सदस्यों के सहयोग और सुझाव से ही विकास कार्यों को गति प्रदान की जाएगी। बाजारों में जलनिकासी और पेयजल व्यवस्था सुधारी जाएगी। इसके साथ ही जिला पंचायत से इतर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ पात्रों को मिलता रहे, इसमें प्रशासन का पूरा सहयोग किया जाएगा। समय-समय पर आम जनता और कार्यकर्ताओं से जरूरी फीड बैक लेने पर भी जिला पंचायत अध्यक्ष ने जोर दिया।
बीते दिनों हुए चुनाव में धमाकेदार जीत दर्ज कर जिला पंचायत अध्यक्ष बने साधू वर्मा से उनकी भावी योजना और प्राथमिकता के बारे में सोमवार को उनके गांव भसड़ा में बातचीत की गई। उन्होंने कहा कि मैं सेवा और सम्मान को और मजबूती से आगे बढ़ाने का काम करूंगा। यही मैं बतौर सदस्य करता रहा हूं। अब अधिकार बढ़ा है तो इसका लाभ भी जनता को और ज्यादा मिलेगा। पहले मेरी सेवा का दायरा सीमित था। अब दायरा बढ़ गया है। ऐसे में जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। मैं हरसंभव कोशिश करूंगा कि अपने सेवाभाव को और मजबूत करते हुए आम लोगों की उम्मीद पर पूरी तरह से खरा उतर सकूं।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि मेरे समेत सभी 41 जिला पंचायत सदस्य ही विकास के वाहक होंगे। इन सभी के सुझाव और सहयोग से सभी क्षेत्रों में विकास की गति बढ़ाई जाएगी। सभी सदस्यों को मैं परिवार की तरह साथ लेकर चलूंगा। उन्हें समुचित सम्मान न सिर्फ मेरे वरन जिला पंचायत कर्मियों की ओर से भी मिलेगा। विकास को लेकर मैं सदस्यों से निजी तौर पर चर्चा करूंगा। वरिष्ठ सदस्यों और पूर्व में रहे अध्यक्ष और सदस्य से भी मैं समय-समय पर विकास आदि मुद्दों पर जरूरी विचार विमर्श कर मार्गदर्शन लेता रहूंगा।
बाजारों में बढ़ाई जाएंगी सुविधाएं
जिला पंचायत के माध्यम से संबंधित बाजारों में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर कराया जाएगा तो वहीं पेयजल सुविधा का भी विस्तार होगा। इसका लाभ बड़े पैमाने पर स्थानीय नागरिकों और उपभोक्ताओं को मिलेगा। आवागमन सुविधा पर विशेष जोर होगा। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में नए मार्ग के निर्माण के साथ ही क्षतिग्रस्त हुए मार्गों की बेहतर ढंग से मरम्मत कराई जाएगी। जहां जहां पुलिया निर्माण की जरूरत होगी, उसे भी प्राथमिकता के आधार पर बनवाया जाएगा।
पात्रों को दिलाएंगे योजनाओं का लाभ
केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलवाने के लिए निजी तौर पर अधिकतम प्रयास करूंगा। जनप्रतिनिधि के तौर पर मेरी यह नैतिक जिम्मेदारी रहेगी कि मैं सभी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी काम जारी रखूं। मैं इसके लिए कार्यकर्ताओं से फीड बैक लूंगा। आम नागरिकों से मिलूंगा। इसके बाद जिला प्रशासन से सभी फीड बैक को साझा करता रहूंगा। इससे पात्रों को लाभ मिलने में तेजी आएगी।