जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव का स्थानांतरण कर अपर आवास आयुक्त अखिलेश सिंह को जिले के नए डीएम के रूप में तैनात किया गया है। डीएम की पत्नी सीडीओ नेहा प्रकाश का भी स्थानांतरण जिले से कर दिया गया। लगभग ढाई वर्ष तक जिले में रहे डीएम विवेक के स्थानांतरण के बाद 3 सितंबर 2016 को वैभव श्रीवास्तव ने मऊ से स्थानांतरित होकर जिले के डीएम के रूप में कार्यभार संभाला था।
लगभग नौ माह के अपने कार्यकाल में डीएम वैभव ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। विधानसभा चुनाव को कुशलता एवं शांतिपूर्वक निपटाने में भी उन्हें कामयाबी मिली थी। इसके अलावा भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई कर उन्हें निलंबित करने का ठोस कदम उठाए जाने के लिए भी डीएम वैभव की सराहना की गई।
अवैध खनन पर अंकुश पाने के लिए वैभव द्वारा उठाए गए कड़े कदम से खनन माफिया पर काफी हद तक नकेल कसने में कामयाबी भी मिली थी। इस बीच शुक्रवार को शासन ने डीएम वैभव श्रीवास्तव का स्थानांतरण करते हुए उन्हें विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ विभाग बना दिया। अपर आवास आयुक्त रहे अखिलेश सिंह को जिले का नया डीएम तैनात किया गया है।
वे यहां 29वें डीएम के तौर पर कार्यभार संभालेंगे। डीएम वैभव के साथ ही उनकी पत्नी व सीडीओ नेहा प्रकाश का भी स्थानांतरण कर दिया गया। उन्हें सिंचाई, जल संसाधन एवं परती भूमि विकास विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले विधानसभा चुनाव से ही जिले में तैनात रहे एसपी पीयूष श्रीवास्तव का स्थानांतरण करते हुए गोंडा में तैनात एसपी सुधीर सिंह को अंबेडकरनगर का नया एसपी बनाया जा चुका है।