अंबेडकरनगर। अकबरपुर के रगड़गंज स्थित वीसीए क्रिकेट मैदान पर क्रिकेट एसोसिएशन अंबेडकरनगर के तत्वावधान में अंडर-12 क्रिकेट लीग प्रतियोगिता खेली जा रही है।
बुधवार को वीसीए अकबरपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गाजीपुर को पांच विकेट से पराजित किया। वीसीए अकबरपुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए गाजीपुर की टीम 29.1 ओवर में नौ विकेट पर 137 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अकबरपुर की टीम ने कप्तान अरव की शानदार नाबाद 81 रन की पारी के दम पर 26.4 ओवर में पांच विकेट खोकर 138 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। अरव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इससे पूर्व टांडा के सब-रजिस्ट्रार व सिविल सर्विसेज कोच सतेंद्र यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया।