अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद का चयन पंडित दीनदयाल आदर्श नगर पंचायत योजना (2019-20) के तहत होने से क्षेत्र में तेजी से विकास की उम्मीद बंधी है। योजना के तहत मिलने वाले चार करोड़ रुपये से जलभराव समस्या, आवागमन, प्रकाश व पेयजल व्यवस्था और भी सुदृढ़ होगी। इससे पहले जिले की दो नगर पंचायतों को योजना के तहत चयनित किया जा चुका है। योजना के तहत नगर पालिका परिषद को चयनित किए जाने से क्षेत्र की करीब डेढ़ लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
गर पंचायत व नगर पालिका क्षेत्र में अतिरिक्त विकास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा पंडित दीनदयाल आदर्श नगर पंचायत योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत प्रत्येक प्रत्येक वर्ष नए नगर पंचायत व नगर पालिका का चयन कर चार करोड़ रुपये की लागत से अतिरिक्त विकास कराया जाता है। इसमें मार्ग प्रकाश, नाली निर्माण समेत अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं पर मुख्य रूप से फोकस किया जाता है। योजना के तहत वर्ष 2017-18 में अशरफपुर किछौछा नगर पंचायत, तो वर्ष 2018-19 में इल्तिफातगंज को शामिल किया गया था। इन दोनों नगर पंचायतों में योजना के तहत बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए गए, जिसका सीधा लाभ संबंधित क्षेत्र के लोगों को मिल रहा है।
अब इसी योजना के तहत वर्ष 2019-20 में अकबरपुर नगर पालिका परिषद को चयनित किया गया है। अधिशाषी अधिकारी सुरेश कुमार मौर्या ने बताया कि बीते दिनों अकबरपुर नगर पालिका परिषद को योजना के तहत चयनित किया गया है। जल्द ही कार्यों का डीपीआर बनाकर नगर विकास विभाग को भेजा जाएगा। प्रथम चरण में 2 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का विवरण भेजे जाने की तैयारी चल रही है। द्वितीय चरण में भी 2 करोड़ के कार्यों की पत्रावली तैयार कर बाद में उसे शासन को भेजा जाएगा।
अकबरपुर नगर पालिका परिषद की चेयरमैन सरिता गुप्ता ने बताया कि पंडित दीनदयाल आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत अकबरपुर नगर पालिका परिषद चयन किया गया है। इसके तहत विकास के लिए चार करोड़ रुपये मिलेंगे। प्रथम चरण में दो करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जल्द ही इसे से नगर विकास विभाग को भेज दिया जाएगा।