अंबेडकरनगर। एडेड और स्ववित्तपोषित विद्यालय स्वेच्छा से समर कैंप का आयोजन करेंगे। 21 मई से 10 जून तक चलने वाले समर कैंप में आने वाले राजकीय विद्यालय व अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को नियमानुसार उपार्जित अवकाश दिया जाएगा।
समर कैंप में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से 20 मई से पूर्व लिखित सहमति प्राप्त की जाएगी। दरअसल शिक्षक संगठनों के विरोध को देखते हुए विभाग की ओर से यह फैसला लिया गया है। विभिन्न गतिविधियों के आयोजन के लिए एनसीसी स्काउट गाइड, स्वयं सेवी संगठनों और स्थानीय कलाकारों, खिलाड़ियों और साहित्यकारों का सहयोग लिया जाएगा।
विज्ञापन
जिले में 32 राजकीय, 284 वित्तविहीन और 60 एडेड कॉलेज संचालित हो रहे हैं। विद्यालयों में खोज एवं खेल-खेल में सीखने के उद्देश्य से समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है ताकि विद्यार्थी नियमित पढ़ाई से भिन्न रोचक गतिविधियों का आनंद ले सकें। समर कैंप का उद्देश्य छात्रों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हुए सीखने के लिए प्रेरित करना है।
डीआईओएस गिरीश सिंह ने बताया कि समर कैंप का आयोजन विद्यार्थियों, अभिभावकों व शिक्षकों की सहमति से होगा। इसके लिए दिशा-निर्देश के अनुसार पालन कराया जाएगा।