प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। कासगंज कांड को लेकर शनिवार को अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। जिले के सभी पांच तहसीलों में अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। कहा गया कि जिस प्रकार से कासगंज में महिला अधिवक्ता की हत्या की गई वह अत्यंत निंदनीय है। यदि 48 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
जनपद न्यायालय से जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष केडी मिश्र के नेतृत्त्व में सचिव विशाल सिंह व अन्य अधिवक्ता सड़क पर उतर पड़े। बसपा कार्यालय होते हुए पटेलनगर गए जहां से टांडा रोड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां अधिवक्ताओं से अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ताओं का जहां तहां उत्पीड़न किया जा रहा है लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। कासगंज में महिला अधिवक्ता की हत्या कर दी गई लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। आरोपियों की यदि 48 घंटे के अंदर गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान सूरज यादव, आनंद द्विवेदी, बलराम दुबे, धीरज पांडेय, अरविंद सिंह, दिलीप कुमार आदि मौजूद रहे। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया।
उधर आलापुर में अधिवक्ता अशोक मिश्र व शेषनाथ सिंह की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने तहसील मुख्यालय से विरोध रैली निकाला। नारेबाजी करते हुए न्याय दिलाने पर जोर दिया। कहा कि महिला अधिवक्ता की हत्या काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को इसमें लिप्त आरोपियों को कठोर सजा दिलानी चाहिए। पीड़ित परिजनों को एक करोड़ रुपये देने समेत कई अन्य मांगों पर जोर दिया। इस मौके पर सुनीति द्विवेदी, अनिल श्रीवास्तव, सईद अहमद आदि मौजूद रहे।
इसके अलावा टांडा, जलालपुर में भी अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाया जाए। अधिवक्ता दूसरों को न्याय दिलाते हैं लेकिन मौजूदा समय में खुद ही उसे न्याय की जरूरत है।