अंबेडकरनगर। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और अयोध्या मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अकबरपुर डिपो ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की थी। मंगलवार सुबह से ही मेला मार्ग पर बसों का संचालन शुरू कर दिया गया। इसके बावजूद यात्रियों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। डिपो परिसर से लेकर बसों तक में सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम नजर आई।
परिवहन निगम की ओर से श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए पहले से ही तैयारियां की गई थीं। अतिरिक्त बसों के साथ उनके संचालन की भी व्यवस्था की गई थी। सुबह से ही बसें श्रद्धालुओं को लेकर रवाना होती रहीं, लेकिन यात्रियों की कम संख्या के चलते अधिकांश बसों में सीटें खाली रहीं। यात्रियों का दबाव कम होने के कारण डिपो की ओर से लगाई गईं 10 बसों ने दो-दो चक्कर लगाए। अन्य मार्गों पर भी करीब 54 बसों का संचालन किया गया।
स्टेशन इंचार्ज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए परिवहन निगम की ओर से सभी जरूरी इंतजाम किए गए थे। हालांकि, यात्रियों की संख्या कम रहने से बसों में भीड़भाड़ की स्थिति नहीं बनी। इससे श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के आसानी से यात्रा करने का अवसर मिला।