अंबेडकरनगर। खेत से लौट रहे अरजानीपुर गांव निवासी किसान की तेज रफ्तार ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। इस घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। बाद में पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा इसी दुर्घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। एक अन्य मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महिला का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के अरजानीपुर गांव निवासी वृद्घ किसान अनंत राम (62) मंगलवार को अपने खेत में खाद की बुवाई करने गए थे। बताया जाता है कि वह खाद की बुवाई कर घर लौट रहे थे। घर के पास अकबरपुर बनगांव मार्ग पार करने के दौरान शुक्लहिया की तरफ से मिट्टी लेकर आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इतना ही नही ट्रैक्टर ट्राली ने वहां मौजूद राजेश (40) पुत्र भगवत प्रसाद को भी अपनी चपेट में ले लिया। उसे भी गंभीर चोटें आ गईं।
दोनों को सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अनंतराम की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर दर्शननगर पहुंचे थे, लेकिन उसकी मौत हो गई। बाद में परिजन वापस घर लौट आए। जानकारी होने पर कोतवाली पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर गंभीर रूप से घायल राजेश का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा एक अन्य मार्ग दुर्घटना अकबरपुर नगर में अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर नलकूप कालोनी के पास हुई। इसमें नगर के शहजादपुर संघतिया नाका निवासी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शारदा (52) पत्नी स्व गिरीश मौर्य घायल हो गईं। उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। बाद में उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज चल रहा है।