जलालपुर। थानाक्षेत्र के मदरहां मंगुराडिला गांव में गुरुवार दोपहर क्रेशर के पट्टे की चपेट में आने से बालिका की मौत हो गई। पुलिस टीम ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारीजनों के अनुसार गांव निवासी अरशद की 10 वर्षीय पुत्री शीबा गुरुवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर स्थित क्रेशर पर मौजूद अपने पिता को घर की चाबी देने गई थी।
बताया जाता है कि जब वह क्रेशर के निकट पहुंची तो उसका पैर फिसल गया। इससे वह क्रेशर के पट्टे पर गिर पड़ी और उसमें फंस गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे पट्टे से अलग किया गया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो चुकी थी। सांस चलने की उम्मीद में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।