कटेहरी। शौचालय निर्माण में हुई 14 लाख की धांधली मामले में जलालपुर चांदपुर ग्राम पंचायत की महिला प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी को अहिरौली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को जरूरी पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया।
बीते दिनों जलालपुर चांदपुर ग्राम पंचायत में शौचालय निर्माण के नाम पर धांधली की शिकायत हुई थी। डीएम के सख्त निर्देश पर मामले की जांच हुई तो इसमें 14 लाख 28 हजार रुपए की धांधली पकड़ में आई। अधिकारियों के निर्देश पर ग्राम पंचायत अधिकारी अखिलेश गौड़ की तरफ से अहिरौली थाने में ग्राम प्रधान दयावती व ग्राम पंचायत अधिकारी अजय गौतम के विरुद्घ केस दर्ज करा दिया गया। जांच में पाया गया था कि धनराशि तो निकाल ली गई, लेकिन शौचालय का निर्माण नहीं कराया गया।
केस दर्ज होने के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर दिया गया था। हालांकि बीते दिनों उसे बहाल कर नई तैनाती दे दी गई। लाखों के घोटाले का यह मामला पुलिस व प्रशासन की तरफ से लगभग शांत चल रहा था, लेकिन शिकायतकर्ताओं द्वारा पिछड़ा वर्ग आयोग में इसकी शिकायत की गई थी। शिकायतकर्ता अमरजीत के अनुसार आयोग की तरफ से बीते दिनों पुलिस प्रशासन को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसी बीच अहिरौली पुलिस ने धांधली की आरोपी ग्राम प्रधान दयावती व ग्राम पंचायत अधिकारी अजय गौतम को शनिवार को कटेहरी के निकट से गिरफ्तार कर लिया। प्रधानसंघ अध्यक्ष रवीन्द्र पांडेय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब ग्राम पंचायत अधिकारी को बहाल कर दिया गया था तब ऐेसे में पुलिस की कार्रवाई अन्यायपूर्ण है। उधर प्रधान की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही थाने पहुंच गए और छोड़े जाने का दबाव बनाने लगे। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर वापस भेजा। एसओ प्रमोद सिंह ने बताया कि गबन मामले में प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी की गिरफ्तारी पूर्व में दर्ज हुए मुकदमे के आधार पर की गई है। दोनों अभियुक्तों का चालान कर दिया गया।