फोटो-18, अंबेडकरनगर जिला मुख्यलय स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर जुटे मार्ग दुर्घटना में मृत महिला के प?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ककरडिला के पास ऑटो से उतर रही एक महिला को अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने कुचल दिया। इससे महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से महिला को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ आलापुर थाना क्षेत्र के चहोड़ाघाट मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। इससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसे भी जिला अस्पताल लाया गय, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में हुई मार्ग दुर्घटनाओं में तीन नागरिक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सम्मनपुर थाना क्षेत्र के संजलपुर गांव निवासी सीमा (30) पत्नी राजकुमार बुधवार को अकबरपुर आयी थी। देरशाम वह ऑटो से घर जा रही थी। ककरडिला के पास वह जैसे ही ऑटो से नीचे उतरी इसी बीच पीछे से आए एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने रौंद दिया। आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद नागरिकों ने घटना की सूचना तत्काल एंबुलेंस को दी। हालांकि, तब तक सीमा ने दम तोड़ दिया था। सरकारी एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल ले आया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में रोना-पीटना मच गया।
बाद में पुलिस टीम ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा आलापुर थाना थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी इंद्रजीत (20) पुत्र घरभरन की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई। बताया जाता है कि वह बुधवार देरशाम बाइक से कहीं गया था। चहोड़ाघाट मार्ग पर ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। इससे उसने भी मौके पर दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, अलीगंज थाना क्षेत्र के अहलदादपुर निवासी मनीराम (32) पुत्री मुन्नीलाल गुरुवार को बाइक की टक्कर से टांडा रोडवेज के निकट घायल हो गया। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के इल्तिफातगंज निवासी संजय (30) पुत्र हनुमान प्रसाद बुधवार शाम को केदारनगर बाजार में साइकिल से जा रहा था। बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। इसके अलावा अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के सिकरोहर निवासी रमेश (22) पुत्र राजितराम मालीपुर रोड पर चार पहिया वाहन के टक्कर से घायल हो गया। तीनों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है।