जलालपुर। कोतवाली अन्तर्गत गंजा गांव के निकट शनिवार अपराह्न दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक अधेड़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर कोतवाली अन्तर्गत इस्माइलपुर डिहवा गांव निवासी हरिश्चंद्र (55) पुत्र भगौती शनिवार अपराह्न बाइक से जलालपुर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह जलालपुर रामगढ़ मार्ग स्थित गंजा गांव के निकट पहुंचा तो इसी बीच जलालपुर से घर जा रहे एक बाइक पर सवार जफरपुर निवासी पिंटू (28) पुत्र भिरगू व संदीप (35) निवासी दुधई थाना जैतपुर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी। टक्कर में हरिश्चंद्र गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया जबकि पिंटू व संदीप को भी गंभीर चोटें आईं।