फोटो-21, अंबेडकरनगर के हजपुरा पट्टी चौराहे पर हुई मार्ग दुर्घटना में बऽों की मौत के बाद रोते विलखते
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जलालपुर से एक ही परिवार के आठ से अधिक सदस्यों को लेकर अकबरपुर जा रहे ऑटो रिक्शे को जलालपुर थाना अन्तर्गत पट्टी गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डीसीएम ने चपेट में ले लिया। इस दौरान डीसीएम में लगा लोहे का नुकीला रॉड ऑटो पर किनारे बैठे दो मासूम बच्चों के सिर में घुस गया। डीसीएम की रफ्तार अधिक होने से दोनों मासूम झटका लगने से ऑटो से बाहर गिर पड़े। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों मासूम आपस में मौसेरे भाई-बहन थे। घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर भागने में सफल रहा। बाद में पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा कर परिवारीजनों को सौंप दिया। घटना से संबंधित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार एक ही परिवार के आठ से अधिक सदस्यों को लेकर ऑटो रिक्शा जलालपुर से अकबरपुर जा रहा था। बताया जाता है कि जब ऑटो पट्टी गांव के पास पहुंचा तो इसी बीच सामने से तेज रफ्तार डीसीएम ने ऑटो को टक्कर मार दी।
बताया जाता है कि टक्कर के दौरान डीसीएम के बाहर की तरफ निकला लोहे का नुकीला रॉड ऑटो पर किनारे की तरफ बैठे दो मासूम बच्चों प्रिंस (7) पुत्र अरविंद निवासी सैदपुर भितरी थाना मालीपुर व रिया (6) पुत्री अमित निवासी अब्दुल्लापुर कोतवाली अकबरपुर के सिर में घुस गया। डीसीएम की रफ्तार अधिक होने के चलते झटका लगने से दोनों मासूम ऑटो से बाहर गिर पड़े। इससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके अलावा डीसीएम की टक्कर से अमित को भी चोटें आईं।
घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचते, तब तक चालक डीसीएम लेकर भाग खड़ा हुआ। सांस चलने की उम्मीद में दोनों मासूम को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिवारीजनों को सौंप दिया। बताया जाता है कि दोनों मासूम आपस में मौसेरे भाई-बहन थे।