अंबेडकरनगर। बाइक से ससुराल जा रहे युवक की पलई रामनगर के निकट एक प्राइवेट बस की चपेट में आकर मौत हो गई। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर पहुंची सम्मनपुर पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर भीटी थाना क्षेत्र निवासी परिजन भी रोते बिखलते हुए जिला अस्पताल पहुंचे। बाद में अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भीटी थाना क्षेत्र के खोजातपुर गांव निवासी ज्ञानसागर (35) वर्ष मंगलवार की देरशाम बाइक से सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ब्राहिमपुर केशवपुर जा रहा था। बताया जाता है कि वह सम्मनपुर थाना क्षेत्र के पलई रामनगर मोड़ के पास पहुंचा था।
इसी बीच सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उसे अपनी चपेट में लिया,और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना सम्मनपुर पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में जानकारी होने पर रोते बिलखते परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे। इसके बाद अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।