अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली अन्तर्गत रेलवे क्रासिंग पर बने ओवरब्रिज पर शुक्रवार पूर्वाह्न भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व प्रधान प्रतिनिधि को तेज रफ्तार निजी बस ने रौंद दिया। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकलने में कामयाब रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी होते ही भाजपा के अलावा अन्य पार्टी के नेताओं व ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम हाउस व उनके पैतृक आवास पर पहुंचकर परिवारीजनों से मुलाकात की और ढांढ़स बंधया।
अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत लालापुर शुकलहिया निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता व प्रधान प्रतिनिधि अरुण शुक्ला (50) पुत्र रामसहाय शुक्रवार पूर्वाह्न बाइक से अकबरपुर विकास खण्ड कार्यालय जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वे अकबरपुर रेलवे क्रासिंग पर बने ओवरब्रिज पर पहुंचे, तो इसी बीच सामने से आ रही निजी बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
इससे पहले कि आसपास मौजूद नागरिक मौके पर पहुंचते, तब तक चालक वाहन लेकर भाग निकला। सांस चलने की उम्मीद में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।