अंबेडकरनगर। कोरोना संक्रमण की जांच के लिए अब राहगीरों को अस्पताल तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए कैंप में पहुंचकर सिर्फ लार का नमूना देना होगा। तीन दिन के अंदर मोबाइल पर जांच रिपोर्ट का मैसेज आ जाएगा।
ऐसा ही कैंप शुक्रवार को अकबरपुर टांडा मार्ग पर लगाकर 75 नागरिकों के लार का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया गया। उधर जिला अस्पताल परिसर स्थित मातृ शिशु विंग में नागरिकों की थर्मल स्क्रीनिंग का सिलसिला जारी रहा। शुक्रवार को 72 की थर्मल स्क्रीनिंग हुुई।
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अधिक से अधिक जांच हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब सरकारी अस्पताल के अलावा भी कैंप लगाकर जांच की जा रही है। शुक्रवार को अकबरपुर टांडा मार्ग पर कैंप लगाकर नागरिकों के लार का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा दिया। कैंप में मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारी कृष्णकुमार, विनोद, जयशंकर ने कैंप में पहुंचने वाले नागरिकों के लार का नमूना लिया।
कृष्णकुमार ने बताया कि 75 नागरिकों के लार का नमूना लेकर जांच के लिए लखनऊ लैब भेज दिया गया है। तीन दिन के अंदर संबंधित के मोबाइल पर जांच रिपोर्ट का मैसेज आ जाएगा।
जिला अस्पताल परिसर स्थित मातृ शिशु विंग में शुक्रवार को भी आने वाले नागरिकों की थर्मल स्क्रीनिंग का कार्य जारी रहा। डा. मनोज शुक्ला व डॉ. प्रदीप गुप्ता ने आने वाले 72 नागरिकों की थर्मल स्क्रीनिंग की।
डॉॅ. मनोज ने बताया कि थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान सोशल डिस्टेंग का पूरा ध्यान रखा गया। साथ ही नागरिकों को कोरोना से बचाव के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। आह्वान किया गया कि भीड़भाड़ वाले स्थान पर जाने से बचें। घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगाएं। समय समय पर साबुन से हाथ धोते रहें। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरा ध्यान दें।