अंबेडकरनगर। जलालपुर बसखारी मार्ग पर टायर फटने से अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे पलट गई। इससे बाइक चालक रहे युवक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में हुई मार्ग दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। सभी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार भोर जलालपुर थाना क्षेत्र के उसमापुर गांव निवासी मोहम्मद सारिक (25) बाइक से किछौछा से घर वापस लौट रहा था। बाइक पर पीछे उसका मित्र मोहम्मद अनवर (24) भी बैठा था। जलालपुर बसखारी मार्ग पर बड़ेपुर पुल के पास अचानक बाइक का अगला टायर फट गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इससे बाइक चला रहा मोहम्मद सारिक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे बैठे मोहम्मद अनवर को भी चोटें आईं।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को नगपुर सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने मोहम्मद सारिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहम्मद अनवर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल रामलखन पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर, जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार हंसवर थाना क्षेत्र के धंजौरा निवासी सुनील (35) पुत्र गिरिजाशंकर बुधवार सुबह बाइक से हंसवर जा रहे थे।
रास्ते में मवेशी से टकराकर गिर पडे़ और घायल हो गए। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के सैदापुर निवासी शेषनरायण (60) पुत्र बैजनाथ बुधवार दोपहर गांव के पास बाइक की टक्कर से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब वे सड़क पार कर रहे थे। सभी घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।