रविवार सुबह अकबरपुर थाना क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले में तैनात ट्रैफिक सिपाही रामकेवल यादव को एक नौ वर्षीय बालक बेहाल अवस्था में भटकता हुआ दिख। आशंका होने पर उन्होंने उसे रोका और पूछताछ की। बालक कुछ भी बता पाने में असमर्थ था। इस पर रामकेवल ने उसे खाना आदि खिलाया।
इसके बाद उसे कुछ होश आया। उसने बताया कि उसका नाम करीम हैदर पुत्र तनवीर अहमद है। वह पूरारानी थाना मुबारकपुर जनपद आजमगढ़ का रहने वाला है। पुलिस को करीम ने बताया कि शनिवार को वह विद्यालय पढने गया हुआ था। दोपहर 12 बजे अवकाश होने के बाद वह घर जा रहा था कि कुछ लोगों ने उसे कुछ सुंघा दिया।
इसके बाद उसे होश नहीं रहा। रविवार की सुबह जब उसे होश आया तो उसने अपने को अकबरपुर के मीरानपुर मोहल्ले में पाया। कोतवाल योगेश शाह ने बताया कि करीम द्वारा बताए गए फोन नंबर पर उसके पिता को सूचना दी गई। इस पर पहुंचे परिवारीजनों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद करीम को उन्हें सौंप दिया गया।