अंबेडकरनगर। अकबरपुर इलाके की एक युवती की तैनाती प्रयागराज के मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स के पद पर है। स्टाफ नर्स को लखनऊ का एक व्यक्ति पिछले काफी समय से परेशान कर रहा है। उसे अश्लील संदेश भेज रहा है। मामले में स्टाफ नर्स के पिता की शिकायत पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
युवती के पिता ने एसपी को एक प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उनकी पुत्री स्टाफ नर्स के पद प्रयागराज के मेडिकल कॉलेज में तैनात है। पुत्री को कपिल जेपी यादव उर्फ जय प्रकाश यादव निवासी मटियारी लखनऊ पिछले काफी से अलग-अलग नंबरों से संदेश भेज रहा है। इसमें आपत्तिजनक स्क्रीशॉट, अभद्र संदेश और अनैतिक प्रस्ताव शामिल हैं।
विरोध करने पर आरोपी ने युवती के भाई और पिता को जान से मारने की धमकी दी। सामूहिक दुष्कर्म और अपहरण जैसी वारदात को अंजाम देने की भी धमकी दे रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी स्वयं को अधिवक्ता बताता है और आपराधिक इतिहास का हवाला देकर डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी केशव कुमार के आदेश पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि मामले की जांच शुरू की गई है, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।