अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र महरूआ के मनसापुर गांव में ममेरे भाई की शादी में शामिल होने आए युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। बाइक पर बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सक ने गंभीर रूप से घायल एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
सुल्तानपुर जिले के वीरसिंहपुर थाना क्षेत्र के कनौने डीहवा गांव निवासी दीपक (22) वाराणसी में एक शिक्षक की कार चलाते थे। रविवार को महरुआ थाना क्षेत्र के मनसापुर गांव निवासी नाना राममिलन निषाद के घर मामा के बेटे अमरजीत की शादी में शामिल होने आए थे। बीती दो मार्च को शादी थी व सोमवार को बरात विदा होकर वापस लौटी थी। सभी लोग शादी के कार्यक्रम में व्यस्त थे। दीपक अपनी मौसी के बेटे सतेंद्र को लेकर बाइक से उदयनगर बाजार की तरफ जा रहे थे। पिपरा के निकट बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे से टकरा गई।
हेलमेट न पहने होने की वजह से दीपक और सतेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टर ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। सतेंद्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है।
परिवार में कोहराम
दीपक तीन भाई बहनों में सबसे बड़े थे। इनसे छोटा सुरजीत और बहन पूनम थीं। मंगलवार को जैसे की दीपक की मौत की खबर उनके गांव पहुंची वहां मातम छा गया।
-
भाई की शादी में खूब नाचा था दीपक
दो मार्च को बरात सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बसहा गांव गए थे। तीन मार्च को बरात वापस लौटी। बरातियों के अनुसार दीपक बरात में जमकर नाचा था। पूरी रात जाग कर बिताई। नाच गाने के कार्यक्रम के बाद बराती अपने-अपने घरोंं को चले गए। शाम सात बजे उठने के बाद दीपक टहलने की बात कहकर घर से निकला था। मृतक के बुआ के बेटे दीपक ने बताया कि देर शाम दीपक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।