जलालपुर (अंबेडकरनगर)। थाना कटका क्षेत्र में आजमगढ़ से आए एक युवक ने अपनी प्रेमिका के साथ गांव के बाहर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। ग्रामीणों ने उन्हें तड़पता देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने समय से दोनों को अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई। इसके बाद परिजनों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के युवक का कटका थाना क्षेत्र की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार के लोगों को प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई तो उन्होंने विरोध किया। इसके बाद भी दोनों अपने प्रेम पर अडिग बने रहे। सोमवार शाम को प्रेमी आजमगढ़ जनपद से प्रेमिका के गांव पहुंचा। उसने किसी तरह प्रेमिका को गांव के बाहर बुलाया। वहां दोनों लोगों ने बातचीत के बाद एकसाथ जान देने का फैसला किया। दोनों ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इस बीच वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने दोनों को जमीन पर तड़पता देख सूचना पुलिस व अन्य ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों की जान बचा ली। पुलिस से सूचना पाकर दो पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। हालत में सुधार होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से वार्ता कर युवक-युवती को परिजनों को साैंप दिया।सीएचसी अधीक्षक डॉ. जय प्रकाश ने बताया कि समय से इलाज मिलने से दोनों की जान बच गई। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है।