संवाद न्यूज एजेंसी।
अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज के बड़ेगांव निवासी पुनीता कन्नौजिया (33) की बृहस्पतिवार सड़क हादसे में मौत हो गई। पति संजय कन्नौजिया के मुताबिक वह ई रिक्शा चलाकर अपनी जीविका चलाते हैं।
बृहस्पतिवार को संजय की पत्नी उनके बहनोई इंदईपुर हथिनापुर निवासी संदीप के साथ बाइक से देवलर में उनकी बुआ मीना के बेटे के तिलक में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहीं थीं। संजय की बेटी खुशी (8) वर्ष भी बाइक पर बैठी थी। बाइक सवार संदीप राजेसुल्तानपुर के गढ़वल चौराहे के निकट पुलिया के पास पहुंचे थे। तभी अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे में पुनीता के सिर के पिछले हिस्से में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की बेटी खुशी व बहनोई संदीप बच गए। बहू की मौत की खबर मिलते ही सास लालती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटा शिवम व शुभम और बेटी खुशी है। प्रभारी निरीक्षक अजय यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।