अंबेडकरनगर। ठंड के बावजूद पूर्वांचल के ऐतिहासिक गोविंदसाहब मेले में रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने गोविंद सरोवर में स्नान करने के साथ ही मठ मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। खिचड़ी चढ़ाई और मन्नत भी मांगी। ठंड से श्रद्धालुओं को बचाने के लिए जगह-जगह अलाव की भी व्यवस्था रही।
एक माह तक चलने वाले ऐतिहासिक गोविंदसाहब मेले में रविवार के अवकाश के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अंबेडकरनगर के अलावा अन्य जनपदों से सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ, जो शाम तक जारी रहा। हर हर महादेव व जय गोविंद बाबा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने गोविंद सरोवर में स्नान किया, इसके बाद मठ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। खिचड़ी चढ़ाई और मन्नत भी मांगी। श्रद्धालुओं में महिलाओं की संख्या अधिक रही। कुछ श्रद्धालु ऐसे भी रहे, जिन्होंने मन्नत पूरी होने पर कड़ाही भी चढ़ाई। भक्तिमय गीतों से परिसर गूंजता रहा।
पुलिसकर्मियों के अलावा पीएसी के जवानों ने भी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली। सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की जाती रही। दूरदराज से आए लोगों ने दैनिक जीवन में उपयोग में आने वाली वस्तुओं की बढ़-चढ़कर खरीदारी की।