शनिवार को अकबरपुर के मुबारकपुर डैय्याडीह गांव में आयोजित जन चौपाल को संबोधित करते प्रभारी मंत्
अंबेडकरनगर। जिले के प्रभारी एवं पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को अकबरपुर के मुबारकपुर डैय्याडीह गांव में आयोजित जन चौपाल में विपक्ष, खासकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर केजरीवाल के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि एक चोर दूसरे को भी चोर समझता है। राजभर ने कहा कि सूप तो सूप, चलनी बोले जेहमा बहत्तर छेद।
गौरतलब है कि केजरीवाल ने शुक्रवार को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए थे और मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी प्रकरण में सरकार पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया था।
राजभर ने कहा कि केजरीवाल शराब घोटाले में अभी-अभी जेल से निकले हैं। सीबीआई ने उनको गिरफ्तार किया था। एक चोर दूसरे को भी चोर समझता है। मंदिर ट्रस्ट और सरकार को कोई लेना देना नहीं है। ट्रस्ट की मांग पर एसआईटी जांच कर रही है। एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है।
हर ब्लॉक में बनेगा उत्सव भवन, मिलेगा रोजगार
प्रभारी मंत्री ने जन चौपाल में प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गरीबों की सुविधा के लिए प्रदेश के सभी 826 ब्लॉकों में उत्सव भवन बनाए जाएंगे। इनका उपयोग शादी-विवाह समेत सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजनों के लिए होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि सरकार गरीबों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अब लोगों को सरकारी कार्यों के लिए जनसेवा केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। पंचायत सचिवालयों में पंचायत सहायकों के माध्यम से अधिकांश सरकारी कार्य आसानी से पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर सुभासपा के जिलाध्यक्ष जगलाल, वीरेंद्र राजभर, डीपीआरओ उपेंद्र कुमार पांडेय, रामसजीवन राजभर समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।