अंबेडकरनगर। विकास खंड भियांव की ग्राम पंचायत किशुनदासपुर में स्थित राजस्व गांव समैसा में युवाओं के लिए अत्याधुनिक स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। यह स्टेडियम करीब 1.4 हेक्टेयर (करीब पांच बीघे) भूमि पर बनाया जाएगा, जिसकी लागत लगभग आठ करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इस परियोजना की जिम्मेदारी युवा कल्याण विभाग को सौंपी गई है।
स्टेडियम का निर्माण युवाओं को खेल गतिविधियों की ओर प्रोत्साहित करने और उन्हें एक बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। जिला युवा कल्याण अधिकारी सुभाषिनी ने बताया कि इस अत्याधुनिक स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्टेडियम में एक बहुद्देशीय हॉल का निर्माण किया जाएगा, जहां विभिन्न प्रकार के इंडोर खेल आयोजित किए जा सकेंगे। इसके अलावा ओपन जिम, दौड़ ट्रैक, वॉलीबॉल कोर्ट जैसी आवश्यक खेल संरचनाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सुनील यादव ने बताया कि यह खेल मैदान केवल एक स्टेडियम न होकर एक संपूर्ण खेल परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां भविष्य में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा सकेगा। इस परियोजना से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और शारीरिक विकास में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।