टांडा कोतवाली के सामने स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर मंगलवार दोपहर इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट
विद्युतनगर/सद्दरपुर। टांडा कोतवाली के सामने स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर मंगलवार दोपहर इनवर्टर में हुए शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। जसप्रीत उर्फ टोनी सरदार के मकान की तीसरी मंजिल पर पूजा घर, किचन और स्टोर रूम बना हुआ था। दोपहर करीब 12 बजे स्टोर रूम में रखे इनवर्टर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद आग तेजी से फैल गई।
आग की लपटें देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग लगते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ टांडा शुभम कुमार, इंस्पेक्टर दीपक रघुवंशी व दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना कोतवाली के ठीक सामने होने के कारण मौके पर भीड़ जुट गई थी। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।