भीटी (अंबेडकरनगर)। भीटी ब्लॉक में कार्यरत सफाई कर्मचारी के साथ जमीन दिलाने के नाम पर छह लाख 60 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।
गोसाई का पूरा निवासी महत्तम देव निषाद भीटी ब्लॉक में सफाईकर्मी के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि गंभीरपुर परवरभारी निवासी जगदीश मौर्या ने उन्हें अयोध्या में एक जमीन दिखाई थी। पुराना संबंध होने के नाते उसका विश्वास कर लिया। बातचीत के दौरान जगदीश ने पांच लाख रुपये तत्काल देने की बात कही। वापस आने के बाद बड़ौदा यूपी बैंक रिउना से 10 लाख रुपये का ऋण ले लिया।
आरोपी के कहने पर आठ नवंबर 2023 को पांच लाख रुपये आरटीजीएस और 20 नवंबर 2023 को 58 हजार रुपये जगदीश के पंजाब नेशनल बैंक सद्दरपुर टांडा के खाते में ट्रांसफर करवा दिए। इसके बाद 42 हजार रुपये महत्तम देव और 60 हजार उनके पिता से ले लिए। इस तरह कुल छह लाख 60 की धनराशि ठग ली गई। ठगी की जानकारी होने के बाद जब महत्तम देव ने जगदीश मौर्या से रुपये वापस मांगे तो मना कर दिया। थाने पर शिकायत की तो उसने 27 दिसंबर 2024 को गवाहों की उपस्थिति में लिखित स्वीकार किया कि वह 10 फरवरी 2025 तक पूरा रुपया आरटीजीएस के माध्यम से लौटा देगा। इसके बाद भी रुपया वापस नहीं किया।
महत्तम देव की आर्थिक हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। उसका अधिकांश वेतन बैंक लोन की किस्तों में कट जाता है। घर चलाना मुश्किल हो गया है और दूसरी तरफ ठगी गई रकम का कोई अता-पता नहीं। थाना प्रभारी अमित पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।