जलालपुर (अंबेडकरनगर)। इस्लाम धर्म के आखिरी पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के उत्तराधिकारी व दामाद हजरत अली के 13वीं रजब के अवसर पर जुलूस निकाला गया। मौलूद-ए-हरम कमेटी के तत्वावधान में मोहल्ला जाफराबाद स्थित रौजा हजरत अब्बास परिसर जुलूस का आगाज हुआ। तिरंगा झंडा लहराते हुए लोग भारत माता की जय, या अली के नारे लगाते हुए निकले।
इब्ने अली जाफरी के नेतृत्व में जुलूस नगर भ्रमण करते हुए सराय चौक पहुंचा। कोतवाली के सामने से यादव चौराहा पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। जुलूस रौजा हजरत कासिम में पहुंचा तो शायरों ने कसीदा ख्वानी कर महफिल सजाई, जहां वक्ताओं ने जलसे को खिताब किया। मोहम्मद बाकर, आजाद परिंदा, अमीन, अली असगर, साजिद जलालपुरी, कल्बे हसन, अंसर जलालपुरी आदि शायरों ने हजरत अली की शान में कसीदे पढ़े। जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम पवन कुमार जायसवाल, सीओ अनूप सिंह, कोतवाल संतोष कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य नीरज सिंह, पूर्व पालिकाध्यक्ष कमर हयात अंसारी, अली अब्बास, अहसन रजा, मीसम अली असगर, इनाम हुसैन जाफरी, मोहम्मद अब्बास राजा, काजिम, सैफ अब्बास राजू आदि उपस्थित रहे।