आलापुर (अंबेडकरनगर)। रामनगर-जहांगीरगंज मार्ग पर पूरब पेट्रोलपंप के निकट मंगलवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से निजी विद्यालय के अनुचर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रामनगर पीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया।
आलापुर के मसेना मिर्जापुर निवासी राम जियावन (55) अन्नापुर स्थित एसडी मदर स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। वह सुबह करीब नौ बजे साइकिल से स्कूल जाने के लिए निकले थे। पूरब पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गए। राहगीरों ने उन्हें रामनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। स्कूल के उपप्रबंधक सुनील कुमार यादव, प्रधानाचार्य इंद्रमणि मिश्रा समेत कई शिक्षक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और राम जियावन के परिवार वालों को सांत्वना दी। उनकी पत्नी गीता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया।