अंबेडकरनगर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थित शहजादपुर दोस्तपुर मोड़ से दोस्तपुर तक का प्रमुख मार्ग अब 10 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की वित्त समिति ने 50.67 करोड़ की इस परियोजना को स्वीकृति दे दी है। शासनादेश जारी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
यह सड़क औद्योगिक क्षेत्र बेवाना को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से सीधे जोड़ेगी, जिससे क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को तेज और सुगम परिवहन की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में यह मार्ग 7 मीटर चौड़ा है और लंबे समय से भारी यातायात दबाव, जाम और अव्यवस्थित ट्रैफिक की समस्या से ग्रस्त रहा है। चौड़ीकरण के बाद यह सड़क आगामी वर्षों में बढ़ते ट्रैफिक भार को सहने में सक्षम होगी। एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड द्वारा तैयार की गई है। यह योजना न सिर्फ स्थानीय उद्यमों को गति देगी, बल्कि बाहरी निवेशकों के लिए भी क्षेत्र को आकर्षक बनाएगी।
जाम से भी लोगों को मिलेगी राहत
इस मार्ग पर शादी, धार्मिक आयोजन और मेलों के दौरान अक्सर घंटों लंबा जाम लगा रहता था। संकीर्ण सड़क और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आपातकालीन सेवाओं को भी बार-बार बाधा का सामना करना पड़ता था। ऐसे में अब जाम से भी लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
किसानों और व्यापारियों को मिलेगी सुविधा
ग्रामीण क्षेत्रों के किसान अब अपने उत्पादों को तेजी से और कम लागत में मंडियों तक पहुंचा सकेंगे। साथ ही, छोटे व्यापारी, ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर और वितरक अब इस हाई-स्पीड कॉरिडोर के माध्यम से अधिक व्यवस्थित और समयबद्ध परिवहन कर सकेंगे। अब सड़क चौड़ी होने से न केवल यातायात का प्रवाह बेहतर होगा, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावनाएं भी काफी हद तक कम हो जाएंगी।
स्थानीय उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
शहजादपुर दोस्तपुर मोड़ से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तक का यह मार्ग चौड़ा होने से स्थानीय उद्योग, कृषि, परिवहन और व्यापार की गति को एक नई दिशा देगा।
— डॉ. हरिओम पांडेय, एमएलसी