टांडा। प्रदेश के पावरलूम बुनकरों की बहुप्रतीक्षित फ्लैट रेट योजना के लिए मंगलवार को लखनऊ स्थित खादी भवन में अहम बैठक होगी। खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों के बुनकर प्रतिनिधि हिस्सा लेकर अपनी मांगें सरकार के समक्ष रखेंगे।
टांडा से कासिम अंसारी, जमाल अफजल, शाहनवाज बज्मी और सुहैल अहमद बैठक में शामिल होंगे। प्रतिनिधिमंडल सरकार को मांगपत्र सौंपेगा, जिसमें 5 किलोवाट तक के बिजली कनेक्शनों पर फ्लैट रेट लागू करने, 5 से 20 किलोवाट तक सब्सिडी बढ़ाने, सभी कनेक्शनों की बिलिंग एलएमवी-6 टैरिफ पर करने तथा घरेलू एवं औद्योगिक कनेक्शनों से जुड़े नियमों में राहत देने की मांग प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कासिम अंसारी व अन्य का कहना है कि प्रदेश के करीब 93.9 प्रतिशत बुनकरों के बिजली कनेक्शन 5 किलोवाट तक हैं। ऐसे में फ्लैट रेट योजना का लाभ छोटे और मध्यम बुनकरों को ध्यान में रखकर तय किया जाना चाहिए, ताकि उन पर बढ़ते बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ न पड़े।
फ्लैट रेट के मुद्दे पर पूर्व में भी कई दौर की वार्ता हो चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका है। ऐसे में मंगलवार को होने वाली बैठक से प्रदेश के हजारों बुनकरों को बड़ी उम्मीदें हैं। अब नजर इस बात पर है कि सरकार इस बार बुनकरों की मांगों पर क्या फैसला लेती है। इस फैसले का बड़ा असर टांडा के कपड़ा उद्योग पर भी पड़ेगा।